2 दिन से लापता लड़की मिली कुएं में, ऑपरेशन चलाकर निकाला गया बाहर, इलाज जारी

हरियाणा के महेन्द्रगढ़ शहर में एक कुएं से लड़की को रेस्क्यू किया गया। लड़की 2 दिन पहले अपने घर से लापता हो गई थी। शनिवार को कुएं से रोने की आवाज सुनकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मदद से लड़की को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।मिली जानकारी के अनुसार, महेन्द्रगढ़ शहर में सब्जी मंडी के पास एक पुराना कुआं बना हुआ है। उसके पास ही एक मंदिर भी है। शनिवार को धर्मा नाम का एक शख्स मंदिर में सफाई करने के लिए गया था। इसी दौरान पास में ही कुएं से उसे रोने की आवाज सुनाई दी। वह आवाज सुनकर कुएं के पास पहुंचा तो उसे लड़की नजर आई। लड़की बचाने की गुहार लगा रही थी।
उसे देखकर धर्मा ने आसपास के लोगों को बुलाया और फिर पुलिस को सूचना दी। कुएं में लड़की के गिरने की सूचना फैलते ही वहां बड़ी संख्या में लोग जुटना शुरू हो गए। सूचना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। रस्सी के जरिए एक गोताखोर को कुएं में उतारा गया और फिर आधे घंटे चले रेस्क्यू के बाद लड़की को बाहर निकाला गया। युवती को काफी चोट लगी हुई हैं।

21 अक्टूबर को गायब हुई थी युवती : महेन्द्रगढ़ शहर निवासी रूपचंद की 25 साल की बेटी BSc की स्टूडेंट है। पिता के अनुसार, वह कुछ दिन से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। 21 अक्टूबर की शाम वह अचानक घर से लापता हो गई। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस थाने में दर्ज कराई। दो दिन से पुलिस लड़की को तलाश रही थी। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। आज सुबह कुएं में गिरे होने की सूचना पर पहले परिजन पहुंचे और फिर पुलिस भी।
सब्जी मंडी के पास जिस कुएं से युवती को बरामद किया गया है, उसमें पानी बहुत कम है। यह कुआं दशकों पुराना है। लड़की कुएं में कैसे गिरी यह बड़ा सवाल है। पुलिस भी उसके ठीक होने का इंतजार कर रही है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार का कहना है कि लड़की को बाहर निकाल लिया गया है। उसका अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जल्द ही लड़की के बयान दर्ज किए जाएंगे।





