
जिला के गांव महेश्वरी में शनिवार सुबह बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम पर गांव के कुछ लोगों ने हमला बोलते हुए मारपीट की। मारपीट की इस घटना के बाद निगम कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के संबंध में निगम के उपमंडल अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व सरपंच सहित तीन लोगों पर मारपीट सहित राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया है।
जांच के दौरान गांव निवासी शकुंतला देवी ने इनकमिंग सर्विस लाइन में कट करके अलग से केबल लगा बिजली चोरी कर रखी थी। टीम ने बिजली चोरी पकड़ने के बाद घर के बाहर लगा मीटर उतार लिया। इस दौरान पूर्व सरपंच रविद्र, हुकमचंद और टीम ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया और मारपीट शुरू कर दी है।
आरोपियों ने निगम कर्मचारियों से उतारा गया मीटर लेने के साथ जिस डायरी में चोरी का विवरण दर्ज किया था वह छीन ली। साथ ही आरोपियों ने दोबारा यहां आने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना के बाद निगम कर्मचारी किसी तरह वहां से निकले और पुलिस को मामले की शिकायत दी। शिकायत मिलने पर सेक्टर-6 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
इससे पहले खोल के टींट गांव में भी निगम की टीम पर हमला हो चुका है। पुलिस को दी शिकायत में निगम के एसडीओ अवधेश कुमार ने बताया कि शनिवार को एक टीम उनकी अगुवाई में जेई धर्मचंद, सुनील कुमार, एसआई रमेश कुमार, एएलएम देवदत्त एवं जयबीर के साथ महेश्वरी गांव में सुबह के समय बिजली चोरी पकड़ने गई थी।




