
आज से नए महीने दिसंबर की शुरुआत हो गई है। दिसंबर के पहले दिन आम लोगों को महंगाई का जोरदार झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज से एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर दी है। देश की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 103.50 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा कर दिया।
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 100.50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़कर 2101 रुपये हो गई है। मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर का भाव 101 रुपये बढ़कर 2051 रुपये हो गई है। कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर का भाव 101 रुपये बढ़कर 2174.5 रुपये हो गई है। वहीं चेन्नई में 19 किग्रा कमर्शियल गैस सिलेंडर का भाव 101.50 रुपये बढ़कर 2234.50 रुपये हो गया है।
हालांकि राहत की बात है कि तेल कंपनियों ने आम आदमी के उपयोग वाले घरेलू 14.2 किग्रा बिना सब्सिडी की रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। दिल्ली में 14.2 किग्रा बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 899.50 रुपए पर स्थिर है। मुंबई में रसोई गैस सिलेंडर का भाव 899.5 रुपये, कोलकाता में 926 रुपये जबकि चेन्नई में 915.50 रुपये है।




