CLICK ON THE NOTIFICATION BELL ICON, For Daily Updates
Eventsरेवाड़ीहरियाणा

रेवाड़ी में 19 को होगा खेलो इंडिया- राहगीरी का आयोजन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मशाल व शुभंकर भी होंगे राहगीरी में शामिल

रेवाड़ी, आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के चौथे सीजन के लिए रेवाड़ी जिला में आगामी 19 मई को खेलो इंडिया-राहगीरी का आयोजन होगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में रेवाड़ी जिला के खिलाडिय़ों की उल्लेखनीय भागीदारी है, ऐसे में अलग-अलग गेम में रेवाड़ी जिला के खिलाड़ी यूथ गेम्स में भागीदार बनने जा रहे हैं। राहगीरी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल, शुभंकर धाकड़ और जया भी पहुंचेंगे। रेवाड़ी जिला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल का भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से स्वागत जिला वासियों द्वारा किया जाएगा।
रेवाड़ी जिला में गुरुवार, 19 मई को खेलो इंडिया थीम आधारित मशाल व शुभंकर को शहर में राहगीरी के लिए निर्धारित स्थल तक लाया जाएगा। इस इवेंट में जिला के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ी भी भागीदारी करेंगे। राहगीरी के दौरान कुश्ती, कबड्डी व बॉक्सिंग आदि खेलों के लाइव डेमो भी होंगे। साथ ही खेलो इंडिया थीम गीत के साथ राहगीरी में सांस्कृतिक मंच भी सजेगा और उसके बाद मशाल की फ्लैग ऑफ सेरेमनी होगी।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल व खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा के निदेशक पंकज नैन के निर्देशानुसार खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 को लेकर जिलावार की जाने वाली तैयारियों के लिए रविवार को ऑनलाइन गूगल मीट का आयोजन हुआ। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की कंसल्टेंट पंखुड़ी गुप्ता ने रेवाड़ी सहित राज्य के सभी जिलों के डीआईपीआरओ व डीएसओ के साथ खेलो इंडिया राहगीरी कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। रेवाड़ी जिला से डीआईपीआरओ दिनेश कुमार व डीएसओ मदनलाल गूगल मीट पर चर्चा में शामिल हुए।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी का मिला हरियाणा को अवसर
गौरतलब है कि हरियाणा को खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की मेजबानी करने का अवसर मिला है और गत दिवस पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के चौथे सीजन का शानदार और भव्य आगाज हो चुका है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने इस लॉन्च कार्यक्रम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभंकर (मस्कट), लोगो, जर्सी और थीम गीत भी लॉन्च किया गया। लॉन्चिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय खेल, युवा मामले और सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर शामिल हुए।
4 से 13 जून तक होंगें यूथ गेम्स
पंखुड़ी गुप्ता ने कहा कि अभी तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीन संस्करणों का आयोजन किया गया है और हरियाणा में यह चौथ संस्करण आयोजित हो रहा है और खिलाडिय़ों का सबसे बड़ा दल हरियाणा में होने वाले इन खेलों में आ रहा है, जो गर्व की बात है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन 4 जून से 13 जून, 2022 तक हरियाणा सरकार, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) व केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में 25 तरह के खेल आयोजित होंगे, जिनमें पांच पारंपरिक खेल जैसे गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। ये खेल पांच स्थानों पंचकूला, अंबाला, शाहाबाद, चंडीगढ़ और दिल्ली में आयोजित होंगे।

Tags

Related Articles

Back to top button