
(हरियाणा रथ) प्रदेश में सबसे अधिक पेंशन, पारिवारिक पेंशन को लेकर पानीपत के RTI कार्यकर्ता पी.पी कपूर ने हरियाणा विधानसभा सचिवालय से सात अप्रैल 2022 को RTI अधिकार के तहत जानकारी ली है।
जिसके अनुसार, हरियाणा में 275 पूर्व विधायकों की पैंशन व 128 पूर्व विधायकों की फैमिली पैंशन पर 29.51 करोड़ रुपए सालाना खर्च किए जा रहे हैं। इनमें से कुल 26.40 करोड़ रुपए पूर्व विधायकों की पैंशन पर व 3.11 करोड़ रुपए फैमिली पैंशन पर खर्च हो रहे हैं।
उसके अनुसार पूर्व विधायक के नाते कैप्टन अजय यादव को सबसे अधिक 2.38 लाख रुपये व सर्वाधिक फैमिली पैंशन पूर्व सी.एम. भजन लाल की पत्नी जसमा देवी को 99,619 रुपए मासिक पेंशन मिल रही है। हरियाणा सरकार वर्तमान व पूर्व विधायकों को 60 लाख रुपए तक हाऊसिंग लोन व 20 लाख रुपए तक मोटर कार का लोन भी दे रही है
बता दे, पंजाब में ‘एक विधायक-एक पेंशन’ के फैसले को हरियाणा में भी लागू करने की मांग तेज हो चुकी है। हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए अंबाला जिले की नग्गल सीट से पूर्व विधायक निर्मल सिंह ने तीन पेंशन छोड़ने का एलान कर दिया है। इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के पूर्व विधायकों पर एक से अधिक पेंशन छोड़ने का दबाव बढ़ा है।






