CLICK ON THE NOTIFICATION BELL ICON, For Daily Updates
राज्यरेवाड़ीहरियाणा
Trending

हादसे में 1 जान गई- अब सुरक्षा के लिए बनाया बेरिकेडिंग सर्कल, वन- वे ट्रायल 10 दिसंबर तक रहेगा जारी

सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में रहेगा वर्जित

रेवाड़ी – यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने व जाम रहित सड़क बनाए रखने के लिए सरकुलर रोड पर वन-वे पायलेट प्रोजेक्ट 3 दिन और जारी रहेगा। डीसी यशेंद्र सिंह ने एसपी राजेश कुमार के साथ चर्चा के बाद यह निर्णय लिया है। अब यह व्यवस्था 10 दिसंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारी एक बार फिर समीक्षा बैठक करेंगे तथा आगे के लिए फैसला लिया जाएगा।

अभी तक सरकुलर रोड पर जाम की बड़ी परेशानी के चलते 7 दिन का ट्रायल लिया जा रहा था, जो कि 1 से 7 दिसंबर तक चला। अब इस ट्रायल को 10 दिसंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। दिल्ली रोड स्थित राव अभय सिंह चौक पर अस्थाई सर्कल भी बनाया गया है। प्रशासन का दावा है कि इससे वाहनों की रफ्तार नियंत्रित की जा सकेगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।

राव अभय सिंह चौक पर बनाया सर्कल

शहर के दिल्ली रोड स्थित राव अभयसिंह चौक पर कई बार जानलेवा हादसे हो चुके हैं। एक दिन पहले भी यहां एक युवक की जान चली गई। सोमवार सुबह बाइक सवार कंपनीकर्मी को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। चौक पर ट्रैफिक संचालन की अव्यवस्था, स्पीड ब्रेकर और अन्य इंतजाम नहीं होने से गुस्साए लोगों ने रोष प्रकट करते हुए जाम लगाने का भी प्रयास किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शोर मचने पर मंगलवार को पुलिस प्रशासन ने यहां अस्थाई बेरिकेडिंग सर्कल के निर्देश दिए। मंगलवार को ही कंक्रीट के बेरिकेड्स लगाकर सर्कल तैयार भी कर लिया गया। रात के समय वाहन इससे ना टकराएं इसलिए रिफ्लेक्टर टेप भी लगाई गई हैं।

वन-वे ट्रायल के लिए तो शुक्रवार तक की समय सीमा तय की गई है, मगर भारी वाहनों के शहर में एंट्री अभी अनिश्चितकाल के लिए लागू रहेगी। सरकुलर रोड पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए सुबह 7 बजे से लेकर रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश शहर में पूर्ण रूप से वर्जित रहेगा। एक दिसंबर से पहले भारी वाहनों की नो-एंट्री का समय भी सुबह 8 से रात 8 बजे तक था। सुबह स्कूली वाहनों, कंपनी की बसों आदि के साथ ट्रक आदि के प्रवेश से अच्छा खासा जाम लगता था। रात को 8 बजे भी सरकुलर रोड के चौराहे ब्लॉक हो जाते थे।

Tags

Related Articles

Back to top button