
(हरियाणा रथ // REWARI) मंगलवार दोपहर को सेक्टर-4 मकान नंबर-318 के समीप हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग सिहर गए हैं। दोपहर के समीप इस मकान के पास से आने वाली सड़क से एक लगभग 13 साल का बच्चा दौड़कर मुख्य सड़क की तरफ आया। उसके पीछे गोवंश का झुंड पड़ा हुआ था। बच्चा जब मुख्य सड़क पर पहुंचता है तो यहां पर भी मकान के समीप एक सांड खड़ा होता है।
बच्चा उसको देखकर जैसे ही ठिठकता तभी उसके पीछे दौड़ रहे गोवंश के झुंड ने उस पर हमला करके सड़क पर गिरा दिया। इस दौरान छह-सात गायों के झुंड ने बच्चे पर सींगों से दो-तीन बार हमला किया। इन गायों के हमले में तो बच्चा किसी तरह से बचाव कर लेता है लेकिन जैसे ही बचने के लिए खड़ा होता है। तभी उस मकान के समीप खड़े सांड ने भी उस पर हमला कर दिया। उससे भी बच्चे ने किसी तरह से बचाव किया। इसके बाद फिर तीसरी बार में सभी गोवंश फिर बच्चे पर हमला कर देता और इस बार बच्चा किसी तरह हिम्मत दिखाकर उस मकान में घुस जाता है। हमला करने वाले गोवंश की संख्या एक दो नहीं अपितु छह-सात की संख्या में थी और बच्चे एक नहीं अपितु दो-तीन बार हमला किया।
सरकारी कागजों में चार साल से कैटल फ्री शहर में सड़कों पर घूमने वाला बेसहारा गोवंश के हर रोज लोगों पर हमले हो रहे लेकिन सिस्टम की नींद टूटी नहीं है। घटना को लेकर सेक्टर-4 आरडब्लयूए के साथ स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कहा है कि यदि गोवंश को पकड़ा नहीं गया तो आंदोलन किया जाएगा।
शिकायतों के बाद भी कोई एक्शन नहीं- सेक्टर 4 आरडब्ल्यूए के महासचिव एडवोकेट अनिल कुमार का कहना है कि हालात इतने बदतर हो गए हैं कि बार-बार की घटनाओं के बाद भी सरकारी सिस्टम की सुस्ती नहीं टूट रही है। सेक्टर-4 में यह तीसरी घटना है और लगातार हमले बढ़ते जा रहे हैँ। मंगलवार को आई सीसीटीवी फुटेज देखते हैं तो रोंगटे खड़े करने वाले हैं।
बच्चे की किस्मत सही थी कि उसकी जान बच गई। इसके बावजूद भी गोवंश के हमले लगातार बढ़ रहे हैं और प्रशासन की तरफ से इनको पकड़ने के लिए कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। यदि प्रशासन ने अब कोई गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन किया जाएगा।





