हरियाणा, रेवाड़ी जिले में तीज के त्योहार से पहले चाइनीज मांझे पर लगी रोक के बाद सीएम फ्लाइंग और नगर परिषद की टीम ने काफी जगह की छापामारी । इस दौरान करीब 4 दुकानदारों के यहां सिंगल यूज प्लास्टिक बैन होने के बावजूद बड़ी संख्या में पॉलिथिन पाए जाने पर 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं चाइनीज मांझे की भी जांच की गई।

एक दिन पहले ही जिलाधीश ने रेवाड़ी में चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाते हुए धारा 144 लागू करते हुए अधिकारियों को सख्त आदेश दिए थे कि बाजार में चाइनीज मांझा नहीं बिकना चाहिए। डीसी के सख्त आदेश के बाद सीएम फ्लाइंग के साथ नगर परिषद के सचिव व सीएसआई ने सोमवार दोपहर के शहर के विभिन्न इलाकों में खुली पतंग की दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान वहां रखी रील (मांझा) को चैक किया। दोनों ही टीमों को चाइनीज मांझा तो नहीं मिला, लेकिन वहां बड़ी संख्या में पतंग में लिपटी पॉलिथिन जरूर मिली। 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह बैन लग चुका है।

ऐसे में नगर परिषद ने पतंग विक्रेता प्रमोद कुमार और नरेन्द्र पर 25-25 हजार रुपए तो सोमदत्त का 10 हजार रुपए का नकद चालान काटा। इसके साथ ही 4 अन्य दुकानों पर भी पहुंचकर जांच की गई। दोनों ही टीमों में शामिल अधिकारियों ने कहा कि शहर में कही भी चाइनीज मांझा नहीं बिकने दिया जाएगा। साथ ही पॉलिथिन या प्लास्टिक का अन्य सामान मिलने पर भी कार्रवाई की जाएगी।






