रेवाड़ी
इस आईडी के बनने से सरकार की नीतियां आसानी से पहुंचाई जा सकेगी- कोसली विधायक

कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि अंतोदय के उद्देश्य को लेकर सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य कर रही प्रदेश सरकार ने अब असंगठित श्रमिकों की यूनीक आईडी बनाने का बीड़ा उठाया है। इस आईडी के बनने के हर तबके के मजदूर वर्ग तक सरकार की नीतियां आसानी से पहुंचाई जा सकेगी। साथ ही उनके जीवन स्तर को उठाने में भी यह योजना मील का पत्थर साबित होगी।
यादव शुक्रवार को क्षेत्र के गांव नांगल मूंदी में असंगठित श्रमिकों की यूनीक आईडी बनाने हेतू ई-श्रम केंद्र का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथि कोसली विधायक का जोरदार स्वागत किया गया। कोसली विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इतना ही नहीं प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे, इसके लिए इन योजनाओं को ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जा रहा है। पारदर्शी तरीके से सभी पात्र असंगठित मजदूरों को योजना का लाभ दिलाना ही यूनीक आईडी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने मौके पर मौजूद पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आयोजकों से आह्वान किया कि वह सभी असंगठित मजदूरों तक इस योजना को पहुंचाएं तथा उनका लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने यूनीक आईडी कार्ड बनते ही देश के 38 करोड़ असंगिठत श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित सरकार की ओर से दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को आसानी से क्रियान्वित कर श्रमिकों के लिए बजट का प्रावधान किया जा सकेगा। आपदाओं के समय असंगठित श्रमिकों तक मदद भी आसानी से पहुंचाई जा सकेगी। इसलिए सभी असंगठित मजदूरों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए शीघ्र ही श्रम कार्ड बनवा लेना चाहिए।




