
कोरोना के नए वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी दिल्ली से चिंता बढ़ाने वाली खबर है। दिल्ली में शुक्रवार को 6 जून के बाद सबसे ज्यादा 180 संक्रमित मिले हैं। यह पिछले 5 महीनों के बाद संक्रमितों के सबसे ज्यादा आंकड़े हैं। इधर, हरियाणा सरकार ने नए साल और क्रिसमस मनाने को लेकर बड़ा फैसला किया है। राज्य सरकार ने 1 जनवरी से नाइट कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया है।
ओडिशा सरकार ने भी कोविड के बिगड़ते हालातों के कारण क्रिसमस और नए साल के समारोहों को प्रतिबंधित कर दिया है। राज्य में 25 दिसंबर से 2 जनवरी तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
सरकार ने शुक्रवार को कहा कि देश में ओमिक्रॉन के 358 मामले सामने आए हैं और इनमें से 114 रिकवर हो गए हैं। यह आंकड़ा शुक्रवार सुबह तक का है। पॉजिटिविटी रेट भी दुनिया भर के एवरेज से कम है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6% से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3% है। पिछले 2 सप्ताह के दौरान भारत में केस पॉजिटिविटी दर 0.6% ही रही है।
भूषण ने कहा कि इस बात के सबूत हैं कि कोविड की पहली लहर और डेल्टा वैरिएंट के समय अपनाए ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल ऑमिक्रोन पर भी प्रभावी साबित हुए हैं। उन्होंने केरल और मिजोरम में मामले बढ़ने को लेकर चिंता जताई। कहा कि देश में फिलहाल 20 जिले ऐसे हैं, जिनमें केस पॉजिटिविटी रेट 5 से 10% के बीच है। इनमें से 9 केरल में और 8 जिले मिजोरम में हैं। देश में महज 2 जिलों में केस पॉजिटिविटी रेट 10% से ज्यादा है और ये दोनों जिले मिजोरम में हैं।




