
रेवाड़ी, वीर शहीद हमारे लिए सदैव प्ररेणा स्त्रोत हैं तथा हमें उनके द्वारा बताए गए पद चिन्हों पर चलते हुए देशभक्ति, राष्ट्रीय प्रेम व भाईचारे की परंपरा को कायम रखना चाहिए। शहीद किसी एक जाति विशेष के नहीं बल्कि सभी के होते हैं। केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियांवयन, योजना एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने वीरवार को हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर व राव तुलाराम पार्क में स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र चढ़ाकर वीर शहीदों को अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए यह बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के वंशज हैं और उन्हें इस बात पर गर्व है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय भक्ति की प्रेरणा मिलती है। सन 1857 की पहली जंग ए आजादी में योगदान के लिए क्रांति के महानायक के रूप में रेवाड़ी के राव तुलाराम को आज भी अदब से याद किया जाता है। राव तुलाराम को अहीरवाल की वीरभूमि पर अंग्रेजों की ताकतवर सेना से मुकाबला करने के साहस के कारण ही सन 1857 क्रांति का महानायक माना गया है।
राव तुलाराम ने देश के लिए लड़े गए 1857 के पहले स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान दिया था, जिसको लेकर हरियाणा के लोग 23 सितम्बर का दिन वीर शहीदी दिवस के रूप में मनाते है और हरियाणा के साथ साथ रेवाड़ी के लोग अपने आप पर गर्व महसूस करते है कि वह ऐसी धरती पर जन्में है जिस धरती से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेने वाले स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम हैं।
उन्होंने कहा कि हम इस प्रदेश की सैन्य परम्परा पर नजर डालें तो पता चलता है कि देश की आजादी के बाद 1962, 1965 ,1971 व कारगिल के युद्ध में प्रदेश के वीरों ने पराक्रम का परिचय दिया है। आज भी देश की सेना में हर दसवाँ सैनिक हरियाणा से है और हरियाणा विशेषकर दक्षिणी हरियाणा का है जो सैनिकों की खान के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा प्राचीन समय से ही योद्धाओं, देशभक्तों और रणबांकुरों की धरती रही है। हरियाणा का इतिहास शहीदों एवं वीरों की शौर्य और वीरता से भरा हुआ है। मैं देश के ऐसे ज्ञात व अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उन्हें नमन करता हूं, जिनकी कुर्बानियों की बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में चैन व सुख की सांस ले रहे हैं। इस अवसर पर उनकी पुत्री आरती राव ने भी उनके साथ वीर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश याद ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए शहीदों को नमन किया और कहा कि वीर शहीद हमारे लिए सदैव प्ररेणा स्त्रोत हैं तथा हमें उनके द्वारा बताए गए पद चिन्हों पर चलते हुए देश प्रेम व भाईचारे की परम्परा को कायम रखना चाहिए। कोसली के विधायक लक्षमण सिंह यादव ने भी राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित की।




