
हरियाणा पुलिस ने अपने ही महकमे से जुड़ा मामला 18 घंटे से ज्यादा वक्त तक दबाए रखा। घटना गुरुवार रात 10 बजे की है, लेकिन मामला सामने आया शुक्रवार शाम को। रेप जैसे संगीन जुर्म में पुलिसवाले के शामिल होने की वजह से रेवाड़ी पुलिस इस केस से जुड़ी ज्यादा जानकारियां देने को तैयार नहीं है।
हरियाणा के रेवाड़ी शहर में पश्चिम बंगाल की दो लड़कियों को घर से पुलिस की गाड़ी में उठाकर रेप करने का मामला, इस मामले में रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल, होमगार्ड के साथ एक और शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद रेवाड़ी के SP राजेश कुमार ने हेड कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया। होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिख दिया गया है।
स्पा सेंटर में काम करती हैं पीड़ित लड़कियां, जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की दो लड़कियां रेवाड़ी के एक स्पा सेंटर में काम करती हैं। दोनों हुडा बाइपास पर एक टाउनशिप में कमरा किराए पर लेकर रहती हैं। आरोप है कि गुरुवार रात पुलिस की गाड़ी में रेवाड़ी के मॉडल टाउन थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल, होमगार्ड और धर्मेंद्र नाम का एक व्यक्ति दोनों लड़कियों के कमरे पर पहुंचे और उन्हें अपने साथ बैठाकर ले गए। रास्ते में तीनों ने लड़कियों को एक दोस्त की प्राइवेट गाड़ी में शिफ्ट किया और शहर के ही एक होटल में ले गए। वहां तीनों ने दोनों लड़कियों से रेप किया।
रेवाड़ी के DSP मोहम्मद जमाल खान ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल, होमगार्ड और उनके तीसरे साथी पर केस दर्ज किया जा चुका है। वारदात में पुलिस की जिप्सी और एक स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि दुष्कर्म की इस वारदात में क्या कोई और भी शामिल था?





