नहीं खुलेंगी परीक्षा के दौरान 200 मीटर के दायरे में फोटो स्टेट की दुकान
बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से संचालित दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संपन्न कराने के लिए सोमवार को एएसपी पूनम सहित सभी डीएसपी व प्रबन्धक थाना ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया तथा यह सुनिश्चित किया की परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हों। इस दौरान एएसपी ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में लागू की गई धारा 144 को कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। जिसमें परीक्षा केंद्रों पर दो सौ मीटर की परिधि तक भीड़ एकत्रित होने पर पाबंदी और इस दायरे में कोई भी फोटो स्टेट की दुकान परीक्षा के दौरान नहीं खुलने के आदेश दिए हुए हैं। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्र के बाहर खड़े होने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके साथ ही डीएसपी और थाना प्रबंधकों द्वारा समय–समय पर परीक्षा केंद्रों को चैक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एसपी राजेश कुमार के मार्गदर्शन में परीक्षाओं को नकल रहित संपन्न कराने के लिए पुलिस की तरफ से कई कठोर कदम उठाए हुए हैं। केंद्रों का दौरा करने के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से उन युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई का निर्देश दिया जो कि बाहर खड़े होकर परीक्षाओं में दखल करते हैं अथवा नकल डालते हैं। इसलिए धारा-144 की कड़ाई से पालना कराते हुए यह तय किया जाए कि केंद्रों के आसपास कोई लोग मौजूद नहीं रहें। उन्होंने थाना प्रभारियों को भी केंद्रों का नियमित तौर पर निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केन्द्र के बाहर खड़े वाहनों को जब्त करने के साथ नकल डालने वालों पर भी तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान एएसपी पूनम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित स्टाफ को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। इसमें किसी प्रकार का दखल व लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी बाहरी व्यक्ति व असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों में नकल कराने के इरादे से हस्तक्षेप करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस जवानों से भी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।




